237 गणपति मंडलों को नहीं मिली मंजूरी
PUBLISHED : Aug 31 , 8:07 AM
237 गणपति मंडलों को नहीं मिली मंजूरी
मुंबई : महापौर की घोषणा के ठीक अगले दिन मुख्यमंत्री ने फिर गणपति मंडलों के आवेदन की तिथि बढ़ाने का आदेश दिया है। जाहिर तौर पर ऑनलाइन तरीके से शुरू गई इस प्रक्रिया में श्रेय लेने की होड़ मच गई है। अब गणपति मंडल अब 5 सितंबर तक आवेदन कर पाएंगे। इससे पहले भी आवेदन की तिथि तीन बार बढ़ाई जा चुकी है। गौरतलब है कि गणपति मंडलों को 28 अगस्त तक आवेदन करना था, जिसे बढ़ाकर पहले 31 अगस्त किया गया। फिर महापौर विश्वनाथ महाडेश्वर ने इस संदर्भ में बैठक कर इसे 2 सितंबर तक बढ़ाने की घोषणा बुधवार को की। गुरुवार को मुंबई भाजपा अध्यक्ष आशीष शेलार की पहल पर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में हुई बैठक में इसे 5 सितंबर तक बढ़ाने का फैसला किया गया। दरअसल, चुनावों के पहले हो रहे इस त्योहार के माध्यम से सत्ता में भागीदार दोनों पार्टियां अपनी पकड़ मंडलों पर मजबूत करना चाहती हैं। गौरतलब है कि इन मंडपों के माध्यम से स्थानीय स्तर पर कार्यकर्ताओं को एकत्रित करने में काफी मदद मिलती है।
फिर करें आवेदनः 30 अगस्त तक, मुंबई में 2,843 मंडपों ने अनुमति के लिए आवेदन किए थे। जिनमें से 638 आवेदन दोहराव की वजह से रद्द कर दिए गए। बचे 2,205 आवेदन पर प्रक्रिया शुरू कर 1,766 को मंजूरी भी दे दी गई जबकि 202 अनुमति प्रक्रिया में हैं। अब तक 237 आवेदनों यानी 11% को मंजूरी नहीं दी गई। बृहन्मुंबई सार्वजनिक गणेशोत्सव समन्वय समिति ने अनुमति रद्द किए गए मंडपों को फिर से आवेदन करने को कहा गया है। जिससे तय समय में उन्हें भी मंजूरी मिल सके।