इलाहाबाद हाई कोर्ट : ज्ञानवापी के सर्वे पर आज आएगा हाई कोर्ट का फैसला
PUBLISHED : Jul 27 , 7:32 AM
इलाहाबाद हाई कोर्ट ज्ञानवापी के एएसआई सर्वे पर गुरुवार को फैसला सुनाएगा। तब तक एएसआई सर्वे पर रोक जारी रहेगी। मामले की सुनवाई गुरुवार दोपहर साढ़े तीन बजे फिर से होगी।
बुधवार को मुख्य न्यायमूर्ति प्रीतिंकर दिवाकर ने मामले में दाखिल अंजुमन इंतजामिया कमेटी की याचिका पर सुनवाई करते हुए एएसआई के वैज्ञानिक को कोर्ट में तलब किया था। एएसआई की ओर से वैज्ञानिक आलोक त्रिपाठी कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने कोर्ट को बताया कि जीपीआर विधि और फोटोग्राफी विधि से कैसे सर्वेक्षण होगा।
साथ ही एएसआई वैज्ञानिकों ने बताया कि वैज्ञानिक सर्वेक्षण से मूल ढांचे को कोई नुकसान नहीं होगा। इस बीच कोर्ट ने एएसआई से पूछा कितने सर्वे हो चुका है? कब तक पूरा कर लेंगे सर्वे? इस पर एएसआई ने कहा अगर अनुमति मिली, तो 31 जुलाई तक सर्वे पूरा हो जाएगा। कोर्ट ने एएसआई के अफसर को गुरुवार को भी पेश होने का आदेश भी दिया है।
कोर्ट एएसआई से यह स्पष्ट करना चाहती है कि सर्वे के दौरान ढांचे को कोई क्षति न हा। कोर्ट इस मामले में एएसआई से उस मैथेड को जानना चाहती है, जिसके जरिए एएसआई सर्वे कर रही है। कोर्ट सर्वे सिस्टम का डेमो भी देखेगी।